ईरान जल्द ही अमेरिका और इजरायल के खिलाफ लड़ाई में बड़ी जीत का जश्न मनाएगा: उपराष्ट्रपति आरेफ

ram

तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सीजफायर के बाद फिर से तनाव बढ़ रहा है। दोनों तरफ से होर्मुज स्ट्रेट में हमले शुरू हो गए हैं। इस बीच ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरेफ ने दावा किया है कि ईरानी लोग जल्द ही अमेरिका और इजरायल के खिलाफ इस लड़ाई में बड़ी जीत का जश्न मनाएंगे। इस्लाम टाइम्स के अनुसार, उपराष्ट्रपति आरेफ ने गुरुवार को स्वास्थ्य सुविधाओं और उद्योगों को हुए नुकसान का आकलन करने के दौरान कहा कि देश जल्द ही जीत का जश्न मनाएगा और होर्मुज स्ट्रेट ईरान का खास इलाका है। नेशनल पेट्रोकेमिकल कंपनी, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान शिपिंग लाइन्स और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन का दौरा करते हुए आरेफ ने कहा कि देश में पुनर्निर्माण आगे बढ़ रहा है और ईरानी लोगों की बड़ी जीत के साथ पाबंदियां हटा दी जाएंगी।
उन्होंने कहा, “हम जल्द ही अपनी जीत का जश्न मनाएंगे और देश पर इतने सालों से लगे बैन और दबाव हटा दिए जाएंगे।”
शिपिंग ग्रुप का निरीक्षण करते हुए आरेफ ने कहा, “ईरान होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। होर्मुज स्ट्रेट ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। ईरानी नियंत्रण में यह जलमार्ग सुरक्षित रहेगा और इससे सभी क्षेत्रीय देशों को फायदा होगा। ईरान दबदबा नहीं, बल्कि क्षेत्रीय सहयोग चाहता है ताकि इस इलाके को आर्थिक केंद्र बनाया जा सके।”
दूसरी ओर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास नई सैन्य झड़पों के बावजूद ईरान के साथ सीजफायर लागू है। लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल के पास ट्रंप ने मीडिया से कहा, “अगर सीजफायर नहीं होता, तो आपको इसका तुरंत पता चल जाता। आपको बस ईरान से उठती एक बड़ी चमक दिखाई देती।”
वहीं, ट्रंप ने गुरुवार को यह भी कहा कि ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से अमेरिका की ओर से दिया गया प्रस्ताव केवल एक पन्ने के ऑफर से कहीं अधिक व्यापक है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब तेहरान पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए वाशिंगटन से मिले संदेश की समीक्षा कर रहा है।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान ने उस कथित एक पन्ने वाले प्रस्ताव का जवाब दिया है, तो उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक पेज का ऑफर नहीं है। यह ऐसा प्रस्ताव है जिसमें कहा गया है कि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। वे हमें न्यूक्लियर डस्ट और कई दूसरी चीजें देंगे जो हम चाहते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *