श्रीगंगानगर। मंत्री सुमित गोदारा, उपभोक्ता मामले विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार इलेक्टॉनिक्स डिवाइज़ व मोबाइल सेक्टर में उपभोक्ता हितों के संरक्षण तथा विधिक माप विज्ञान अधिनियम से संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सूरतगढ़ में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान साहिल इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल जंक्शन व एकता मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स सूरतगढ़ पर विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों पर लागू विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों एवं विभागीय निर्देशों की पालना संतोषजनक पाई गई तथा अनियमितता सामने नहीं आई।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि माननीय मंत्री महोदय के निर्देशानुसार इलेक्टॉनिक्स डिवाइज़ व मोबाइल सेक्टर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में नियमानुसार कार्य सुनिश्चित करना, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लागू नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे विधिक माप विज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों का पालन करें तथा उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ता हितों के संरक्षण एवं व्यापारिक गतिविधियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



