अल्पसंख्यक विद्यार्थी मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग एवं डीबीटी वाउचर योजना में कर सकेंगे आवेदन

ram

चित्तौड़गढ़। अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना एवं अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आवास संबंधी खर्चों में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई, बौद्ध एवं पारसी समुदाय के अभ्यर्थी विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स और नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आवेदन कर सकते हैं। योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन सितंबर 2026 से प्रारंभ हो चुके हैं।

इसी प्रकार अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय महाविद्यालयों में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र (केवल बालक) आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थी का निवास चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय एवं नगर परिषद सीमा से बाहर होना चाहिए तथा वह मुख्यालय पर किराए के कमरे में अथवा पेइंग गेस्ट के रूप में रहकर अध्ययनरत हो। पात्र विद्यार्थियों को आवास, भोजन, बिजली-पानी आदि खर्चों के पुनर्भरण के लिए प्रवेश माह के अनुसार अधिकतम 10 माह तक 2,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, चित्तौड़गढ़ ने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://sje.rajasthan.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *