जिला प्रशासन की अभिनव पहल—युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए 12 सितम्बर को कैरियर काउंसिलिंग सेमिनार

ram

जोधपुर। जिला प्रशासन, जोधपुर द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों, बदलते रोजगार परिदृश्य तथा उभरते हुए क्षेत्रों की जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 12 सितम्बर, 2026 को ऑनलाइन कैरियर काउंसिलिंग सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार प्रातः 10 बजे से डीओआईटी, जिला कलक्ट्रेट परिसर, जोधपुर में आयोजित होगा। जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्री आशीष कुमार मिश्रा की अभिनव पहल और उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस सेमिनार में युवाओं को उनकी रुचि, क्षमता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप कैरियर विकल्पों के चयन के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। करियर काउंसलिंग सेमिनार की लाइव स्ट्रीमिंग टीचमिंट ऐप और यूट्यूब चैनल के माध्यम से की जाएगी, जिसमें शनिवार को नो बैग डे अवसर पर जोधपुर जिले के समस्त सरकारी और निजी विद्यालय के विद्यार्थियों जुड़ेंगे

रक्षा सेवाओं में कैरियर के अवसरों पर होगा विशेष सत्र
सेमिनार में सेना, वायु सेना एवं नौसेना सहित रक्षा सेवाओं में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा एनडीए, सीडीएस, 10+2, AFCAT, टेक्निकल एंट्री, अग्निवीर तथा रक्षा विभाग में उपलब्ध अन्य तकनीकी एवं असैनिक पदों के संबंध में तैयारी, पात्रता एवं चयन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी।

उद्यमिता, स्थानीय व्यवसाय एवं स्टार्टअप्स पर भी मिलेगा व्यावहारिक मार्गदर्शन
स्थानीय व्यवसाय, उद्यमिता एवं स्टार्टअप्स से जुड़े सत्र में युवाओं को व्यवसाय की शुरुआत, विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, प्रभावी मार्केटिंग, डिजिटल एवं ऑनलाइन मार्केटिंग, ग्राहक सेवा के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता को कैरियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

शनिवार को नो बैग डे के दिन विद्यार्थियों को उभरते क्षेत्रों में कैरियर की संभावनाओं से किया जा रहा है रूबरू
प्रति शनिवार नो बैग डे के दिन जोधपुर जिले के समस्त सरकारी और निजी विद्यालय के विद्यार्थियों को कैरियर काउंसलिंग सेमिनार के माध्यम से डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, इंजीनियरिंग, वित्त एवं प्रबंधन, विधि, मार्केटिंग एवं डिजिटल मीडिया तथा पर्यावरण एवं सतत विकास जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर अवसरों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

विशेषज्ञों से सीधा संवाद एवं व्यक्तिगत कैरियर मार्गदर्शन
सेमिनार में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा प्रेरक उद्बोधन के साथ विषय विशेषज्ञों, मेंटर्स एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रेरक व्यक्तित्वों से संवाद का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए इंटरेक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र तथा व्यक्तिगत कैरियर परामर्श भी आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रतिभागी अपनी जिज्ञासाओं एवं कैरियर संबंधी प्रश्नों का समाधान सीधे विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिकाधिक संख्या में इस निःशुल्क कैरियर काउंसिलिंग सेमिनार में ऑनलाइन जुड़कर विशेषज्ञ मार्गदर्शन का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *