भाजपा राज में गरीब, दलित व आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार दर्दनाक, शर्मनाक और निन्दनीयः जूली

ram

अलवर। राजस्थान विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने निम्स अस्पताल पहुंचकर पुलिस ज्यादती का शिकार हुए नाबालिग का हाल जाना। जूली ने बताया कि भिवाड़ी पुलिस की बर्बरता का शिकार हुए दलित नाबालिग बालक लोकेश की हालत देखकर मन व्यथित और आक्रोशित हो गया। पुलिस द्वारा जिस निर्ममता से नाबालिग बालक को पीटा गया, उससे उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गये हैं। जूली ने कहा कि ऐसी जानकारी मिली है कि भिवाडी पुलिस ने लोकेश को पानी के ड्रम में उतार कर बुरी तरह से प्रताड़ित किया, जिससे उसके फेफडों में पानी चला गया और वह आज आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। यह पुलिसिया प्रताड़ना संवेदनशील समाज के लिये एक कलंक है। जूली ने कहा कि पुलिस ज्यादती की यह अमानवीय घटना केवल पुलिस की कार्यशैली ही नहीं, बल्कि प्रदेश की पूरी कानून-व्यवस्था और मुख्यमंत्री की जवाबदेही पर गम्भीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि बिना एफआईआर के किसी नाबालिग को इस प्रकार प्रताड़ित करना आखिर कहां का न्याय है? जब कानून के रखवाले ही अत्याचार करने लगें, तो फिर न्याय की उम्मीद किससे की जा सकती है। जूली ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज जयपुर में हैं, मेरा उनसे आग्रह है कि मुख्यमंत्री से पूछें कि हाल ही में सलूम्बर में आदिवासी बच्चों की मौत, बांसवाड़ा की घटना, भिवाडी में मजदूरों पर लाठीचार्ज और भिवाड़ी पुलिस अत्याचार जैसी घटनाओं के लिये कौन जिम्मेदार है। आखिर अपराध के मामलों में राजस्थान को अग्रणी बनाने के लिये जिम्मेदार कौन है। जूली ने जीवन के लिये संघर्ष कर रहे नाबालिग बालक की जिन्दगी की रक्षा के लिये ईश्वर से कामना करते हुए सरकार से मांग की है कि उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जाए ताकि उसका जीवन बचाया जा सके। नाबालिग बालक से मिलने के लिए नेता प्रतिपक्ष जूली के साथ कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक रफीक खान, खैरथल-तिजारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव, तिजारा विधान सभा प्रत्याशी इमरान खां, खैरथल-तिजारा महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष विनोद कुमारी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पवन खटाणा, अशोक मेघवाल एमपीएस, रॉकी सरपंच और सत्यदीप भी अस्पताल पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *