दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक देशभर में 12.19 प्रतिशत व राजस्थान में 11.77 प्रतिशत मतदान

ram

नई दिल्ली। आम चुनाव 2024 के दूसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया। यह चुनाव 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 88 संसदीय क्षेत्रों में हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस चुनाव में 34.8 लाख पहली बार मतदाता अपना वोट डालने के लिए पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.28 करोड़ युवा मतदाता हैं। पहले चरण के मुकाबले ज्यादा वोटिंग की उम्मीद जताई जा रही है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही कतारें लगी हैं।
वोटर टर्न आउट के मुताबिक देशभर में सुबह 9 बजे तक 12.19 प्रतिशत मतदान हुआ है। राज्यवार बात करें तो राजस्थान में 11.77 प्रतिशत, असम में 9.71 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 11,67 प्रतिशत, कर्नाटक में 9.21 प्रतिशत, केरल में 11.98, छत्तीसगढ़ में 15.42, जम्मू कश्मीर में 10.39, त्रिपुरा में 16.65, पश्चिमी बंगाल में 15.68, बिहार में 9.84, मणिपुर में 15.49, मध्यप्रदेश में 13.82, महाराष्ट्र में 7.45 प्रतिशत मतदान हुआ है।
वहीं 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के 14.78 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। 100 वर्ष से अधिक के 42,226 मतदाता और 14.7 लाख दिव्यांग मतदाता हैं।
दूसरे चरण के चुनाव में 88 संसदीय क्षेत्रों के कुल 15.88 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 8.08 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिला और 5929 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। वहीं कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 8, मध्य प्रदेश की 6, असम की 5, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 3, पश्चिम बंगाल की 3 और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर की 1-1 सीट पर मतदान हो रहा है।
इस चरण में चुनाव लड़ने वालों में केरल के वायनाड से राहुल गांधी, तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर मैदान में हैं। शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री और भाजपा के उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर से है। मथुरा से हेमा मालिनी, राजनांदगांव से भूपेश बघेल, बेंगलुरु ग्रामीण से डीके सुरेश और बेंगलुरु दक्षिण से तेजस्वी सूर्या चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्थान के कोटा सीट से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार के पूर्णिया से पप्पू यादव बतौर निर्दलीय मैदान में हैं। मेरठ से भाजपा के उम्मीदवार अरुण गोविल चुनाव लड़ रहे हैं।
मतदान सुबह 7 बजे शुरू प्रारंभ हुआ और कई सीटों शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। बिहार में बांका, मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर निर्वाचन क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर गर्म मौसम की स्थिति को देखते हुए मतदान का समय शाम 6 बजे तक बढ़ाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *