जैसलमेर में भीषण सड़क हादसा : कार से टकराने के बाद बाइक में लगी आग, युवक की मौके पर ही मौत

ram

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार हवा में करीब 20 फीट उछलकर दूर जा गिरा। भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे वे जलकर पूरी तरह कबाड़ हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 18 जुलाई की रात करीब 9 बजे जैसलमेर-नेहड़ाई रोड पर बोहा और नेहड़ाई गांव के बीच घटित हुआ। टक्कर के तुरंत बाद मोटरसाइकिल कार के अगले हिस्से (बंपर) में फंस गई। इसके चलते दोनों वाहनों में जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार के सभी दरवाजे ऑटोमैटिक सिस्टम के कारण लॉक हो गए, जिससे कार सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि कार के पीछे का एक दरवाजा खोलने में सफलता मिल गई, जिसकी वजह से एक ज्वेलर समेत कार में सवार तीनों लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग गहने देकर वापस लौट रहे थे।
हादसे के बाद बाइक सवार मृत युवक का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही सुरक्षित मिल गया था। राहगीरों और पुलिस ने मोबाइल की मदद से उसके परिजनों को इस दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतक के परिवार वाले तुरंत मौके पर पहुंचे।
मोहनगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *