नशा मुक्त युवा अभियान : टोंक के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका, 20 जुलाई तक मांगे आवेदन

ram

टोंक। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ के तत्वावधान में देश को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत टोंक जिले के युवाओं को अपनी बहुमुखी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदार बनने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है।

माय भारत जिला कार्यालय, टोंक के अनुसार इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जिला स्तर पर कुल आठ अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकते हैं। नियम के अनुसार, प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति होगी।

अभियान के तहत जिला स्तर पर समूह लोक गीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक/मूक अभिनय, चित्रकला, वाद-विवाद (भाषण), लघु फिल्म/रील निर्माण, नारा लेखन और कविता लेखन (स्लैम पोएट्री) जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी प्रतियोगिताओं की थीम नशा मुक्ति और विकसित भारत पर आधारित होगी।

जिला स्तर पर आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टोंक जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर से चयनित होने वाले उत्कृष्ट युवाओं को आगामी 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य ‘राष्ट्रीय नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव’ में शामिल होने का मौका मिलेगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए इच्छुक युवाओं को माय भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पर जाकर ‘वॉलिंटियर फॉर भारत’ के तहत नशा मुक्त टैब पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

माय भारत कार्यालय ने जिले के सभी राजकीय व निजी महाविद्यालयों, विद्यालयों, एनएसएस (NSS), एनसीसी (NCC), स्काउट्स एवं गाइड्स और युवा क्लबों से अपील की है कि वे इस अभियान में टोंक जिले से रिकॉर्ड भागीदारी सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी के लिए माय भारत टोंक कार्यालय या माय भारत हेल्पलाइन नंबर 14472 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *