पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 —राज्य निर्वाचन आयुक्त की अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

ram

सवाई माधोपुर/जयपुर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के विषय में सोमवार को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित अन्य अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में व्यवस्थित और शांतिपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की और सभी अधिकारियों तथा मतदान दलों के कार्मिकों सहित संबंधित लोगों को इसके लिए बधाई दी। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने निर्वाचन आयुक्त के समक्ष प्रस्तुतिकरण में जिले की आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में दो चरणों में हो रही मतदान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। काना राम ने बताया कि जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुगम, व्यवस्थित, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है। मतदान से पूर्व आम लोगों को चुनावी प्रक्रिया में भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित भी किया गया, जिसके चलते सवाई माधोपुर में जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव में मतदान पिछली बार के मुकाबले अधिक रहा है। निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा किए गए विशिष्ट प्रयासों और अभियानों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के दौरान उनकी परीक्षा लेने का नवाचार बेहद सराहनीय है। इसी प्रकार जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस सुरक्षा दलों को एक टीम के रूप में नियोजित करने का निर्णय भी मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने का प्रभावी उपक्रम है। सिंह ने ऐसे नवाचारों को आयोग के स्तर पर सूचीबद्ध कर उनके विवरण दूसरे जिलों के साथ साझा करने की बात कहीं। निर्वाचन आयुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला के आयोजन के विषय में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सवाई माधोपुर जिले में मतदाताओं को जागरूक कर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए की गई गतिविधियों और आदर्श मतदान केन्द्रों में भी मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाओं पर भी संवाद किया तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। कलक्टर कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। सवाई माधोपुर में सुनियोजित, व्यस्थित और त्रुटिहीन निर्वाचन प्रक्रिया- राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर में पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया को बेहद सुनियोजित और व्यवस्थित बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया का शांतिपूर्ण एवं त्रुटिहीन क्रियान्वयन हुआ है। जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अप्रत्याशित रूप से बड़ी संख्या में नामांकन सहित कई जटिल परिस्थितियों के बावजूद समयक तरीके से चुनाव प्रक्रिया संचालित की गई। उन्होंने इसके लिए जिला कलक्टर और उनकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और प्रशासनिक सजगता के चलते चुनाव के दौरान जिले में कोई भी अप्रिय स्थिति नहीं बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *