भारत के कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों से विकास और निर्यात के नए अवसर पैदा हुए: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ram

नई दिल्ली। भारत के कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों ने विकास और निर्यात के नए अवसर पैदा किए हैं। यह समझौते हमारे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के लिए भी एक बड़ा मौका है। यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गुरुवार को नीति आयोग की बैठक में दिया। पीएम मोदी ने कहा, “भारत ने विकास और निर्यात के नए अवसर पैदा करने के लिए कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। ये समझौते हमारे एमएसएमई के ​​लिए भी एक बड़ा अवसर हैं, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करके और अपनी प्रतिस्पर्धा-क्षमता बढ़ाकर वैश्विक बाजारों के लिए तैयार होने में मदद करते हैं।” भारत ने बीते एक वर्ष में यूके, यूरोपीय यूनियन, ओमान और न्यूजीलैंड समेत कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। साथ ही, अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौते लिए बातचीत चल रही है, जो कि अंतिम दौर में है।
इसके अतिरिक्त, नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में विकास ‘विकसित भारत’ के विजन का एक अहम आधार है। खेती और स्टार्टअप से लेकर विज्ञान और इनोवेशन तक, नारी शक्ति हर क्षेत्र में योगदान दे रही है। राज्यों को महिलाओं की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने और भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उनकी शिक्षा, स्किलिंग, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पीएम ने आगे कहा कि भारत का जनसांख्यिकीय लाभांश एक ऐतिहासिक अवसर है जिसे हम गंवा नहीं सकते। अच्छी शिक्षा, मांग के अनुरूप कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के जरिए अपने युवाओं के लिए सही इकोसिस्टम बनाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। सशक्त युवा ही विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा की मुख्य ताकत बनेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।
नीति आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री के ‘टीम इंडिया’ के विजन के अनुरूप, विकसित भारत के लिए इस वर्ष की थीम ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ है। यह थीम उम्र, क्षेत्र, लिंग या सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से परे, हर भारतीय की भलाई और विकास पर केंद्रित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *