आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करें, फ्लैगशिप योजनाओं में लाएं और अधिक प्रगति : जिला कलक्टर

ram

झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में रविवार को मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

जिला कलक्टर ने पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों में निर्बाध एवं सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित निस्तारण किया जाए।

बैठक में जिले के विभिन्न जल स्रोतों में जलभराव की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने बांधों, एनीकटों एवं अन्य जल संरचनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित हो सके तथा भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़े अंतर्विभागीय मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में एक से अधिक विभागों की सहभागिता आवश्यक है, उनमें आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने जिले के चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों की उपलब्धता, उनके पर्याप्त स्टॉक तथा एक्सपायरी दवाइयों के प्रबंधन की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे तथा एक्सपायरी दवाइयों के निष्पादन की प्रक्रिया नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।

जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में निरंतर सुधार लाएं तथा जिले की राज्य स्तरीय रैंकिंग बेहतर बनाने के लिए परिणामोन्मुखी कार्य करें।

बैठक के दौरान शिक्षा, रसद, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, परिवहन तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आमजन से जुड़े कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, उपखण्ड अधिकारी कमल सिंह यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *