जिला कलक्टर की आमजन से जल भराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील

ram

सवाई माधोपुर। जिला कलक्टर डॉ खुशाल यादव ने जिले के कई क्षेत्रों में जारी तेज़ बारिश को देखते हुए आमजन से इस दौरान जल भराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने एवं सावधानी बरतने की अपील की है। जिससे की इस दौरान किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से जिले में भारी बारिश का दौर चल रहा है । कई तालाब, एनिकट, बावड़ियां, कुण्ड और झरने लबालब हो गए हैं। साथ ही आगामी कुछ दिन तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में निचले एवं जल भराव वाले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सावधानी बरतें। किसी तरह का खतरा होने पर सुरक्षित स्थान पर चले जाए।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के साथ साथ तहसील स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्षों की स्थापना की गई हैl बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में आमजन किसी भी समय जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 07462-220602 व टोल फ्री नम्बर 1077 पर संपर्क करके राहत प्राप्त कर सकते हैं। वहीं तहसील स्तर पर सवाई माधोपुर में नायब तहसीलदार 9460914430, खण्डार तहसील में 07468-241124, चौथ का बरवाड़ा तहसील में 9460313574, बौंली तहसील में 9413119300, मित्रपुरा में 8619460929 एवं मलारना डूंगर तहसील में 8690331330 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
पानी उफान पर होने पर पुल-पुलिया पार नहीं करें
बारिश से नदी-नालों एवं निचले इलाकों में पानी का स्तर अचानक तेजी से बढ़‌ता है, विशेष कर पहाड़ी क्षेत्रों में नदी नालों में जल्दी ही पानी का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में जलस्तर के घटने का इंतजार करें या कहीं आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। लेकिन किसी भी स्थिति में उफान और बढ़े जलस्तर वाले पुल-पुलिया, नदी- नालों को पार नहीं करें। जिंदगी अनमोल है, छोटी सी गलती और दुस्साहस से जीवन को संकट में न डालें। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि वे नदी-नालों व जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें। सड़क और पुल के उपर से पानी बहने की स्थिति में उस जगह को पार करने का जोखिम बिल्कुल भी ना उठाएं।

रील व सेल्फी के चक्कर में जान जोखिम में न डालें
मानसून के सक्रिय होने से मौसम भी सुहाना हो चुका है। ऐसे में नदी-नालों, पुल- पुलिया के किनारे और प्राकृतिक झरने वाले स्पॉट्स लोगों की पहली पसंद होती है। ऐसे में मौसम का लुत्फ जरूर उठाएँ लेकिन रील बनाने, सेल्फी लेने और रोमांच के चक्कर में अपनी और अपने परिवार की जान से खिलवाड़ न करें, विशेष कर बच्चों को तेज पानी के बहाव वाले स्थान पर न जाने दें। क्योंकि लगातार हो रही बारिश के कारण पानी का बहाव कभी भी तेज हो सकता है।।
जिला कलक्टर ने आमजन से सतर्क रहकर सुरक्षित रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *