जोधपुर। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत पंचायत समिति बालेसर की ग्राम पंचायत राणाजी बेलवा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों, जनसमस्याओं के निस्तारण एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा विभागीय समन्वय के साथ जनहित के कार्यों में गति लाई जाए।
पारंपरिक श्मशान भूमियों का संरक्षण एवं राजस्व अभिलेखों में दर्जीकरण सुनिश्चित करें
जिला कलक्टर ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार क्षेत्र की पारंपरिक श्मशान भूमियों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा उनका विधिवत सर्वे कर राजस्व अभिलेखों एवं जमाबंदी में दर्जीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की इन महत्वपूर्ण भूमि का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इससे भविष्य में किसी प्रकार के विवाद एवं अतिक्रमण की संभावनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
सार्वजनिक भूमि एवं नदी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने के दिए निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक भूमि का सीमांकन कर उस पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही नदी क्षेत्र में किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे प्राकृतिक जल प्रवाह एवं पर्यावरणीय संतुलन सुरक्षित रह सके। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पारंपरिक श्मशान भूमि तक आमजन की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मार्ग उपलब्ध कराया जाए। जहां मार्ग संबंधी कोई बाधा या अवरोध हो, वहां राजस्व एवं संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई कर सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त विद्युत संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर केवल योजनाओं का लाभ प्रदान करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत समस्याओं की पहचान कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी मंच भी हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर बालेसर उपखंड अधिकारी भवानी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



