जोधपुर। सुमेर पब्लिक लाइब्रेरी पाठक मंच द्वारा आज वार्षिक नेहरू श्रृंखला के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरु की लिखी हिन्दुस्तान की कहानी किताब पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। नेहरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सर्व धर्म प्रार्थना की गई। संदीप टाक ने बताया कि ये किताब लोगों में भारतीय विचारों का बीजारोपण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। भारत को समझना हो तो ये किताब पढनी चाहिए। पंकज सिसोदिया ने कहा कि भारत के लोकतंत्र की नींव के प्रथम पत्थर नेहरू थे आज विश्व में सबसे बड़े लोकतंत्र का श्रेय उन्हीं को जाता हैं। अशोक चौधरी ने कहा कि इस किताब में रामायण, महाभारत, उपनिषदों, महावीर बुद्ध की शिक्षाओं का वर्णन है जिसे पढ़ने पर हमारी आध्यात्मिक एवं तार्किक शक्ति बढ़ती हैं। नेहरु का अपना दर्शन व दृष्टि थी जिसे आज हमें अंगीकार करना चाहिए। तेजस सोनी ने कहा कि नेहरु ने जब देश की बागडोर संभाली तब वो बच्चे के समान था आज का आधुनिक भारत विश्वशक्ति के रुप में उभर रहा है तो इसमें नेहरु का महत्वपूर्ण योगदान रहा। युवराज ने कहा कि नेहरु ने धर्म और विज्ञान पर भी लिखा धर्म को विज्ञान की दृष्टि से प्रेरणा लेकर स्वाध्याय करना चाहिए। कार्यक्रम में इस किताब के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का वाचन किया गया। कार्यक्रम में इंतखाब आलम, विष्णु नारायण, मुकेश, अभिनव, गणपत सहित अन्य की भागीदारी रही।

नेहरु की लिखी हिन्दुस्तान की कहानी पर परिचर्चा आयोजित
ram