मैडम प्रवीणलता शर्मा ब्लॉक आयुष चिकित्सालय का उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद्र बैरवा ने किया लोकार्पण

ram

जयपुर। गंगानगर जिले के पदमपुर में लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मैडम प्रवीणलता शर्मा ब्लॉक आयुष चिकित्सालय का राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने विधिवत फीता काटकर एवं पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, चिकित्सक, शिक्षाविद, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। यह आयुष चिकित्सालय पदमपुर निवासी समाजसेवी अशोक कुमार शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रवीणलता शर्मा की पुण्य स्मृति में जनसेवा के उद्देश्य से बनवाया है। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की मिसाल प्रस्तुत करते हैं। लोकार्पण समारोह में डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार आयुष चिकित्सा पद्धति को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियां लोगों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बनने वाले ऐसे संस्थान जनकल्याण की भावना को सशक्त करते हैं और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थय सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने चिकित्सालय के निर्माण के लिए अशोक कुमार शर्मा एवं उनके परिवार की सराहना करते हुए कहा कि अपनी धर्मपत्नी की स्मृति को जनसेवा से जोड़ना अत्यंत प्रेरणादायक कार्य है। आने वाले समय में यह चिकित्सालय पदमपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी सहित सभी वक्ताओं ने चिकित्सालय के निर्माण को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। समारोह के दौरान एसएस आदर्श विद्यालय एवं मैरी हार्ट स्कूल परिवार की ओर से चिकित्सालय के लिए 31 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन ने चिकित्सालय के सहयोग एवं जनहित कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर एसएस आदर्श विद्यालय के निदेशक ओमप्रकाश कलिया एवं अशोक कलिया ने उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद्र बैरवा का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं साफा पहनाकर सम्मान भी किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने चिकित्सालय परिसर का अवलोकन किया तथा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह आयुष चिकित्सालय क्षेत्रवासियों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयुष चिकित्सा के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत करेगा। इस अवसर पर उप शासन सचिव गोपाल परिहार, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, प्रदीप धेरड़, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. चरणजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *