बालोतरा। कृषि विभाग की ओर से बालोतरा में FFS फर्टीलाइज़र ऐप जागरूकता अभियान के तहत विशेष किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में किसानों को ऐप के उपयोग, उर्वरकों की डिजिटल बुकिंग तथा खाद के संतुलित प्रयोग के बारे में जानकारी दी गई।
कृषि पर्यवेक्षक पुखराज चौधरी ने किसानों को FFS फर्टीलाइज़र ऐप की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल माध्यम से किसान अपनी भूमि एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की अग्रिम बुकिंग घर बैठे कर सकेंगे। बुकिंग के बाद प्राप्त QR कोड एवं बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से किसान जीएसएस/केवीएसएस से निर्धारित दर पर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि डिजिटल बुकिंग एवं सत्यापन की व्यवस्था से खाद वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को अनावश्यक कतारों एवं परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति बालोतरा के व्यवस्थापक गणपत चौधरी ने किसानों से उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए फसल की आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरकों का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने समिति में उपलब्ध उर्वरकों, वितरण व्यवस्था तथा डिजिटल बुकिंग के जरिए खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
संगोष्ठी के अंत में किसानों को वीडियो फिल्म के माध्यम से FFS ऐप पर बुकिंग से लेकर खाद प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। इस दौरान किसानों ने ऐप के उपयोग को लेकर अपनी जिज्ञासाओं एवं सवालों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
खाद की कालाबाजारी पर लगेगा अंकुश, FFS ऐप से किसान कर सकेंगे एडवांस बुकिंग
ram


