नगरीय निकाय आम चुनाव को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता व स्वतंत्रता से संपन्न कराएं – जिला निर्वाचन अधिकारी

ram

जयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिले के नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता व स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिस्पिल) संदेश नायक की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी वार्डो के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारीयों एवं संबंधित पुलिस अधिकारीयों के साथ बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जयपुर जिले की 1 नगर निगम, 2 नगर परिषद् सहित 19 नगरीय निकायों के कुल 690 वार्डों के चुनावों को पूर्ण निष्पक्षता, निर्भीकता व स्वतंत्रता के साथ संपन्न कराना हम सबका नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को चुनावों के लिए लोकसूचना जारी होगी। 31 अगस्त 2026 संबंधित रिर्टनिंग अधिकारी के यहां नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि है। मतदान दो चरणों में होगा- प्रथम चरण में 9 सितंबर 2026, बुधवार को नगर पालिकाओं एवं नगर परिषद में व दूसरा चरण 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को नगर निगम के सभी वार्ड पार्षदों के चुनाव हेतु प्रातः 7 बजे से सांयः 6 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने सभी रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारीयों व उनके समकक्ष पुलिस अधिकारीयों को उनके बूथों का मौका देखने एवं सभी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर चुनावों को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए हैं। उन्होंने सभी संवेदनशील एवं क्रिटीकल मतदान केंद्रों की पहचान कर माकूल कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के र्निदेश भी दिए हैं। उन्होंने चुनाव को पूर्ण निर्भीकता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए असामाजिक तत्वों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश भी प्रदान किए हैं। चुनाव के दौरान मादक पदार्थों, अवैध हथियारों के परिवहन को रोकने हेतु क्षेत्रीय परिवहन, पुलिस व आबकारी अधिकारियों को संयुक्त रूप से चैकपोस्ट लगाकर वाहनों को नियमित रूप से चैक करने के निर्देश भी प्रदान किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी नें अनुज्ञापत्र धारियों के शस्त्र थानों में शीघ्र जमा कराने की कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को साप्ताहिक कानून एवं व्यवस्था रिर्पोट नियमित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश प्रदान किए हैं। इस दौरान पुलिस अधिक्षक ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थेे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *