चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेर‍िका दौरा 24 सितंबर को, ट्रंप ने जताई अच्छे नतीजों की उम्मीद

ram

वॉशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 24 सितंबर को अमेरिका का दौरा करेंगे। अमेरिकी यात्रा उद्योग से जुड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरे की तारीख बताई। बैठक में वह विदेशी निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और चीन के साथ अमेरिका की आर्थिक प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर बात कर रहे थे। ट्रंप ने कहा, “चीन के राष्ट्रपति 24 तारीख को यहां आ रहे हैं। यह बहुत रोमांचक होगा। उनका स्वागत करके खुशी होगी।” उन्होंने कहा क‍ि शी के साथ कई अच्छी बातें और सकारात्मक नतीजे सामने आने की उम्मीद है, हालांकि ट्रंप ने यात्रा के एजेंडे के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। इससे पहले बुधवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भी ट्रंप ने कहा था कि चीन के राष्ट्रपति अमेरिका आने वाले हैं। अब उन्होंने पहली बार इस यात्रा की तारीख 24 सितंबर बताई है। बैठक के दौरान ट्रंप ने कई बार चीन का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर निवेश आ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि एआई के क्षेत्र में अमेरिका चीन से काफी आगे है।
अमेरिकी राष्ट्रपति लंबे समय से एआई, सेमीकंडक्टर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और अन्य रणनीतिक तकनीकों के क्षेत्र में चीन के साथ प्रतिस्पर्धा को अपनी आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते रहे हैं।
ट्रंप ने चर्चा के दौरान कनाडा का भी जिक्र किया और कहा कि कई लोगों को हैरानी होती है जब वह कहते हैं कि कनाडा से बातचीत करना कभी-कभी चीन से भी ज्यादा मुश्किल होता है।
उन्होंने कहा, “लोग मुझसे पूछते हैं कि सबसे मुश्किल देश कौन है? क्या वह चीन है? वियतनाम है, लेकिन मैं कहता हूं कि वास्तव में कनाडा से निपटना ज्यादा कठिन रहा है।” 24 सितंबर को होने वाली संभावित मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक और वैश्विक प्रभाव को लेकर लगातार प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। हालांकि दोनों देशों के बीच टैरिफ, निर्यात नियंत्रण और संवेदनशील तकनीकों को लेकर कई मतभेद हैं, फिर भी दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के रूप में दोनों देश आर्थिक रूप से एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *