भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की मतदाताओं से अपील, लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण

ram

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश में प्रथम चरण के मतदान के अवसर पर सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इसलिए सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह के साथ भागीदारी करें और अपने क्षेत्र के विकास एवं बेहतर भविष्य के लिए मतदान अवश्य करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पहले मतदान, फिर कोई दूसरा काम—इस भावना के साथ प्रत्येक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने मतदान करने से पूर्व अपने क्षेत्र के विकास के लिए सही प्रत्याशी के चयन करने की अपील भी की। राठौड़ ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सबका साथ, सबका विकास, और सबका कल्याण की नीति पर कार्य करने वाले प्रत्याशी को मतदान करें। राठौड़ ने विश्वास जताया कि प्रथम चरण में राजस्थान की जनता बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *