प्रदेश में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा 9वां राष्ट्रीय पोषण माह – थीम “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”

ram

जयपुर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह जन-आंदोलन के रूप में मनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक द्वारा जारी अर्द्धशासकीय पत्र के अनुसार इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का राष्ट्रीय शुभारंभ 9 सितंबर को वाराणसी, उत्तर प्रदेश में होगा। इसी क्रम में निदेशालय, समेकित बाल विकास सेवाएँ, राजस्थान द्वारा पत्र जारी कर सभी उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं। निदेशक श्री वासुदेव मालावत ने बताया कि इस वर्ष पोषण माह का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केन्द्रों को पोषण, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के लिए सुदृढ़ करना तथा समुदाय में सामूहिक जिम्मेदारी एवं स्वामित्व की भावना विकसित करना है। इस वर्ष की मुख्य थीम है – “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” पांच प्रमुख उप-विषयों पर गतिविधियां आयोजित होंगी :- 1. आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन। 2. आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन (HCM)। 3. सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही। 4. बाल्यावस्था विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन। 5. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) : मातृ स्वास्थ्य हेतु नकद हस्तान्तरण। विभाग द्वारा तैयार गतिविधि कैलेण्डर के अनुसार सभी गतिविधियां स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय व अभिसरण से आयोजित की जाएंगी। पोषण माह के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की दैनिक प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर की जाएगी। भारत सरकार ने अभियान को एकीकृत स्वरूप देने के लिए सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार और निम्न हैशटैग के उपयोग के निर्देश दिए हैं :- #HamariAnganwadiHamariJimmedari, #LocalKhanaProteinKhana, #HarAnganwadiAMCkiSajhedari, #MaaSangPoshan, #MaaKeSaathPoshanKeSang अभियान के लिए IEC सामग्री का लिंक सभी जिलों को उपलब्ध करा दिया गया है। अभियान अवधि के दौरान राज्य में प्रभावी आदर्श आचार संहिता की पालना भी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *