चित्तौड़गढ़। गांधी जयंती के अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, चित्तौड़गढ़ के सहायक निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल के निर्देशानुसार चाइल्ड हेल्पलाइन टीम द्वारा कन्नोज विद्यालय में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, बाल तस्करी एवं बच्चों के साथ होने वाली हिंसा सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा असुरक्षा की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बाल अधिकार एवं संरक्षण से संबंधित जागरूकता पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से बाल विवाह रोकने, बाल श्रम से बचाव, शिक्षा के अधिकार तथा बच्चों की सुरक्षा का संदेश दिया गया। साथ ही गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, समानता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी कठिन परिस्थिति में चुप न रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा परिवार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, काउंसलर करण जीनवाल, केस वर्कर आशीष कुमार आर्य, गायत्री सेवा संस्थान से अब्दुल वाहिद एवं शोभा गर्ग, विद्यालय प्रिंसिपल नरेंद्र सिंह सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता के साथ “सुरक्षित बचपन, खुशहाल बचपन” का संदेश दिया।



