जयपुर। जयपुर में फकीरों की डूंगरी में 3 मंजिला भवन में बने रजाइयों के गोदाम में अचानक आग लग गई। भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर गोदाम में रखे रूई के स्टॉक ने आग पकड़ ली और आग की लपटों के साथ उठता धुआं दूर तक नजर आया। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना ब्रह्मपुरी थाना इलाके के फकीरों की डूंगरी स्थित तीन मंजिला भवन में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
रूई के स्टॉक में चिंगारी से भड़की आग
ब्रह्मपुरी थाना एसएचओ ब्रजमोहन कविया ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है। गोदाम की ऊपरी मंजिल पर बड़ी मात्रा में रूई का स्टॉक रखा हुआ था। चिंगारी के संपर्क में आते ही रूई ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
एहतियातन बिजली सप्लाई बंद कराई
आग की सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई भी कुछ समय के लिए बंद कर दी गई। तीन मंजिला भवन की सबसे ऊपर की मंजिल से उठता धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग की खबर फैलते ही आसपास के घरों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर गली में एकत्र हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसएचओ ब्रजमोहन कविया के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने मौके पर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।



