राजकीय सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में स्थाई लोक अदालत के संबंध में जागरूकता शिविर आयोजित

ram

सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार सोमवार को राजकीय सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में स्थाई लोक अदालत के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में स्थाई लोक अदालत की सदस्य जूली खंडेलवाल ने उपस्थित चिकित्सालय कार्मिकों एवं नर्सिंग स्टूडेंट को स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र एवं इसके माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि स्थाई लोक अदालत का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का आपसी समझौते एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारण करना है, जिससे पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि स्थाई लोक अदालत में परिवहन, डाक, दूरसंचार, विद्युत, जलापूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सीय सेवाएं, बीमा तथा अन्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का निस्तारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी विवाद में समझौता नहीं हो पाता है तो स्थाई लोक अदालत को मामले में गुण-दोष के आधार पर निर्णय देने का भी अधिकार प्राप्त है। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि स्थाई लोक अदालत में प्रकरणों का निस्तारण अपेक्षाकृत कम समय में, सरल प्रक्रिया के माध्यम से तथा कम खर्च में किया जाता है। साथ ही, इसके निर्णय संबंधित पक्षकारों पर बाध्यकारी होते हैं। शिविर के दौरान स्थाई लोक अदालत की सदस्य जूली खंडेलवाल द्वारा नर्सिंग स्टूडेंट एवं चिकित्सालय कार्मिकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उन्हें विधिक सेवाओं एवं न्याय तक सरल पहुंच के संबंध में भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर डिप्टी कंट्रोलर डॉ. एसएन अग्रवाल, अधिकार मित्र मुकेश कुमार शर्मा एवं बुनियाद अली उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *