लम्पी की दस्तक से पहले पशुपालन विभाग सतर्क, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय

ram

धौलपुर। जिले में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर निरंतर निगरानी, उपचार एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि बीमारी की रोकथाम में सजगता और सहयोग के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग रामकिशन महावर ने बताया कि पशुपालक पशुओं में बुखार, शरीर पर गांठें, आंख नाक से स्राव, पैरों में सूजन अथवा दूध उत्पादन में कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर पशु को तत्काल स्वस्थ पशुओं से अलग रखें और निकटतम पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क करें। बिना पशु चिकित्सक की सलाह के दवा न दें।
उन्होंने बताया कि लम्पी रोग के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पशुबाड़े की नियमित साफ-सफाई एवं डिसइन्फेक्शन, मक्खी मच्छर एवं अन्य वाहक कीटों का प्रभावी नियंत्रण तथा स्वस्थ एवं पात्र पशुओं का समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। संक्रमित अथवा संदिग्ध पशुओं की आवाजाही से बचें तथा पशुओं को अनावश्यक रूप से अन्य पशुओं के संपर्क में न आने दें।
पशु मेलों एवं प्रदर्शनियों पर प्रतिबंध: जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीनिधि बी टी द्वारा जारी आदेशों की पालना में लम्पी स्किन डिजीज के संक्रमण की रोकथाम हेतु जिले में पशु मेलों, पशु प्रदर्शनियों एवं पशुओं के सामूहिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। अतः सभी पशुपालक उक्त आदेशों की पूर्ण पालना करते हुए पशुओं को ऐसे आयोजनों में न ले जाएं तथा अनावश्यक पशु आवागमन से बचें। लम्पी रोग की रोकथाम केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक पशुपालक की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय पर पहचान, तत्काल आइसोलेशन, स्वच्छता, वाहक नियंत्रण एवं टीकाकरण अपनाकर इस बीमारी के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है।
पशु स्वस्थ तो पशुपालक सुरक्षित सतर्क रहें, संक्रमण रोकें और पशुपालन विभाग का सहयोग करें।
नियंत्रण कक्ष किया स्थापित: जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी संजय कुमार गोयल मोबाईल न. 9828217233 एवं ब्लॉक स्तरीय नियंत्रण कक्ष पर धौलपुर में नोडल अधिकारी दीपक शर्मा मोबाईल न. 7597696418, बाड़ी में उमाकांत त्यागी मोबाईल न. 9001924228, बसेड़ी में मुकेश त्यागी मोबाईल न. 9457816100, सरमथुरा में केशव गुप्ता मोबाईल न. 9001024347, सैंपऊ में गजराज सिंह मोबाईल न. 9785896292 तथा राजाखेड़ा में आलोक सक्सैना मोबाईल न. ़9425031873 नियंत्रण कक्ष के प्रभारी या नोडल अधिकारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *