कोटा। विधायक संदीप शर्मा ने प्रदेश बजट 2025-26 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह आत्मनिर्भर राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने वाला प्रदेश के सर्वांगीण विकास को समर्पित बजट है। भजनलाल सरकार ने विरासत में मिले कर्ज से दबे हुए प्रदेश को उबारकर 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। वहीं कोटा में श्री मथुराधीश जी मंदिर कॉरिडोर विकास, चिकित्सा के क्षैत्र में मेडिकल कॉलेज में कैंसर युनिट एवं कॉटेज वार्ड 195 करोड़, मिनी सचिवालय, एयरपोर्ट के पास ऐरो सिटी, विश्वकर्मा स्किल इंस्टीट्यूट की स्थापना 150 करोड़ रुपये, कोटा में युवाओं के आत्महत्या के मामलों की रोकथाम हेतु युवा मानसिक विकास केन्द्र निर्माण करने की घोषणा, गोपालपुरा में नवीन औद्योगिक क्षेत्र, बालिका सैनिक स्कूल, स्पोर्ट स्कूल नई जेल, कोटा में टोय पार्क, बैराज में वाटर स्पोर्ट्स, पेरा स्पोटर््स कॉम्प्लेक्स, कोटा में क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण हेतु 35 करोड का बजट जैसी बड़ी सौगातें देकर कोटा के निवासियों की सभी मांगें पूरी कर दी हैं। उन्होंने कोटा के लिए विशेष बजट घोषणाओं के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इन घोषणाओं के क्रियान्वयन के बाद कोटा के विकास में नये आयाम स्थापित होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वोटों की राजनीति और दुबारा सत्ता में आने की लालसा में मुफ्त रेवड़ियां बांट दी, मुफ्त मोबाईल बांट दिये, अनुपयोगी निरर्थक योजनाओं पर हजारों करोड़ फूंक दिये, विकास के नाम पर खोखले सौंदर्यीकरण करवाकर स्थानीय निकायों को कंगाल कर दिया। लेकिन प्रदेश की जनता ने जिस भरोसे के साथ भारतीय जनता पार्टी को सत्ता सौंपी थी, भजनलाल सरकार ने उस विश्वास पर खरा उतरकर दिखाया है। न केवल जनघोषणा पत्र के 58 प्रतिशत काम पूरे कर दिये बल्कि प्रदेश को अपने पैरों पर दुबारा खड़ा करने का सम्बल भी दिया है। बजट में जहां 2.75 लाख नई नौकरियों से बेरोजगार युवा आत्मनिर्भर बनेंगे, वहीं 2 लाख पट्टों से लोगों का अपने घर के स्वामित्व का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस राज में जनता जल योजना में भ्रष्टाचार की गंगा बही, वहां हम 400 करोड़ खर्च कर 2 लाख घरों में नये कनेक्शन से पेयजल में स्वावलम्बी बनायेंगे। दूसरे राज्यों से महंगी बिजली खरीदने की व्यवस्था बन्द कर 10 गीगावाट के विद्युत संयंत्र, 50000 कृषि कनेक्शन और 5 लाख घरेलू कनेक्शन देने के साथ ही, पीएम सूर्यघर योजना से जोड़कर 150 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदेश को विद्युत आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी। बजट में 5 हजार करोड़ के सड़क उन्नयन के साथ 2750 किमी के 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे और 6 हजार करोड़ रुपए की लागत से 21 हजार किमी सड़कें प्रदेश की बुनियादी ढांचे को बड़ा सम्बल देंगे।
इसके अलावा औद्योगिक विकास के प्रक्रिया का सरलीकरण, कृषि विकास के लिए 1350 करोड़, पर्यटन विकास के लिए 975 करोड़, 50 हजार युवाओं का कौशल विकास, विश्वकर्मा युवा उद्यमी योजना, नये स्टार्टअप को प्रोत्साहन एवं फण्ड, 20 लाख महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाना, बुजुर्ग विधवा एकल महिला दिव्यांग और छोटे किसानों की पेंशन को बढ़ाकर 1250 रूपये करने के प्रावधान ऐसे कदम हैं जो प्रदेश के प्रत्येक तबके को प्रत्येक दृष्टि से आत्मनिर्भर और स्वावलम्बी बनाने का काम करेंगे।


