दलहन प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर मिलेगा 25 लाख रूपए तक का अनुदान

ram

बारां। जिले में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्वि के उद्देश्य से कृषि विभाग ने आत्मनिर्भरता मिशन योजना के तहत नई दलहन प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाइयों (दाल मिल) की स्थापना के लिए अनुदान योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र आवेदकों को परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 25 लाख प्रति इकाई तक अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राजेश विजय ने बताया कि योजना का उद्देश्य जिले में दलहन प्रसंस्करण अवसंरचना को मजबूत बनाना, स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग को बढ़ावा देना तथा किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इन पात्र आवेदकों को मिलेगा लाभः- योजना का लाभ किसान अत्पादक संगठन (एफपीओ), क्लस्टर लेवल फेडरेशन, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां तथा 21 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र व्यक्तिगत आवेदक उठा सकेंगे।
भवन, मशीनरी और गोदान पर भी मिलेगी सहायताः- न्यूनतम 300 कि.ग्रा. प्रति घण्टा क्षमता वाली दलहन प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई की स्थापना पर मशीनरी, उपकरण, भवन, गोदान, भंडारण एव अन्य आवश्यक अवसंरचना पर होने वाले व्यय के लिए भी परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 25 लाख तक अनुदान दिया जाएगा।
तेल निष्कर्षण इकाइयों पर भी मिलेगा अनुदानः- कृषि विभाग द्वारा 10 टन क्षमता की तेल निष्कर्षण इकाइयों की स्थापना एवं प्रसंस्करण के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के तहत मशीनरी एवं उपकरणों के लिए परियोजना लागत का 33 प्रतिशत अथवा अधिकतम 9.90 लाख तक अनुदान दिया जाएगा। इस योजना का लाभ सरकारी एवं निजी उद्यमों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), सहकारी समितियों तथा पात्र व्यक्तिगत आवेदकों को दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *