चित्तौड़गढ़। आगामी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी ने की। बैठक में राजकीय एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शारीरिक शिक्षकों (पीटीआई) एवं संस्था प्रबंधकों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभूलाल सोमानी ने कहा कि सभी आयोजक विद्यालय आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें, ताकि प्रत्येक खिलाड़ी सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सकारात्मक वातावरण में प्रतियोगिता का हिस्सा बन सके।
बैठक में विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के कैलेंडर, आयोजन स्थलों, खेलवार जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। माध्यमिक स्तर की 17 एवं 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर, 12 से 16 सितंबर तथा 24 से 28 सितंबर तक आयोजित होंगी, जबकि 14 वर्ष उच्च प्राथमिक स्तर द्वितीय समूह प्रतियोगिताएं अगस्त माह में जबकि तृतीय समूह प्राथमिक वर्ग की प्रतियोगिताएं अक्टूबर माह में प्रस्तावित है।
माध्यमिक स्तर की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए नेहरू हॉकी राउमावि, नगरी को हॉकी, महात्मा गांधी विद्यालय, ओछड़ी को बास्केटबॉल, परीलोक विद्यालय को रायफल शूटिंग एवं बॉक्सिंग, एम अकादमी को शतरंज, एलबीएस विद्यालय को बैडमिंटन तथा कैलिबर अकादमी को कराटे प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार 14 वर्ष उच्च प्राथमिक छात्र-छात्रा द्वितीय वर्ग की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में संस्कार द स्कूल को बास्केटबॉल एवं बॉक्सिंग, मेड़ी का अमराना (सामरी) को फुटबॉल तथा गुरु समीर विद्यालय को नेटबॉल एवं लॉन टेनिस प्रतियोगिताओं के आयोजन का दायित्व दिया गया है। तृतीय समूह प्राथमिक स्तर की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं राउप्रावि माताजी की ओरड़ी तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं राउप्रावि मांदलदा में आयोजित होंगी।
बैठक में एसीबीईओ सुनीता शर्मा ने प्रतियोगिताओं के विस्तृत कैलेंडर एवं कार्यक्रम की जानकारी दी। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक रेखा चौधरी एवं पारसमल टेलर ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, तकनीकी नियमों, खिलाड़ियों की प्रविष्टि, व्यवस्थाओं एवं आयोजन संबंधी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
बैठक में एसीबीईओ सुनीता शर्मा, संस्थापना अधिकारी रोशनलाल रेगर, संदर्भ व्यक्ति डॉ. विकास अग्रवाल सहित राजकीय एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) एवं संस्था प्रबंधक उपस्थित रहे।



