पीपलोदी दुखान्तिका की प्रथम बरसी पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित

ram

झालावाड़। पीपलोदी दुखान्तिका की प्रथम बरसी पर शनिवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशन में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, पीपलोदी (वर्तमान संचालित स्थान) एवं विद्यालय वाटिका में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कलक्टर प्रातः विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना सभा में भाग लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इसके पश्चात दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा।

इस अवसर पर गत शैक्षणिक सत्र में कक्षा 1 से 8 तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 24 मेधावी विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को विद्यालय बैग तथा भामाशाह के सहयोग से चरणपादुकाएं भी वितरित की गईं।

इसके बाद सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी विद्यालय वाटिका स्थित सभा स्थल पहुंचे, जहां पीपलोदी दुखान्तिका में दिवंगत हुए विद्यार्थियों की स्मृति में वृक्षारोपण किया गया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ एवं ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ जैसी प्रार्थनाओं का सामूहिक गायन किया गया तथा पुनः दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में दिवंगत विद्यार्थियों के अभिभावकों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने दिवंगत विद्यार्थियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया, उप वन संरक्षक सागर पंवार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा, उपखंड अधिकारी मनोहर थाना पुष्कर कुमार मित्तल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कल्याणमल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) हेमराज पारेता, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) पवन पाटीदार, विकास अधिकारी कंचन बोहरा, तहसीलदार मनोहर थाना माधोलाल बैरवा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार, सीबीईओ स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *