झालावाड़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून, रविवार को जिला मुख्यालय झालावाड़ में जिला स्तरीय वृहद योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल परिसर में प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जनभागीदारी बनेगी कार्यक्रम की विशेषता
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस वृहद आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड सदस्यों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सर्व समाज के अध्यक्षों, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रहेगी। जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Healthy Aging” (स्वस्थ उम्र बढ़ने की दिशा में योग) निर्धारित की गई है, जिसका मूल संदेश है कि बढ़ती उम्र के साथ भी योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है, जो व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार होगा सामूहिक योगाभ्यास
कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जाएगी।जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए हैं।अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि योग दिवस को लेकर जिले के प्रत्येक ब्लॉक, नगर परिषद, नगरपालिका एवं ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक तैयारियां की गई हैं। अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आयुर्वेद विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ एवं संतुलित रहता है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
प्रधानमंत्री के उद्बोधन का होगा लाइव प्रसारण, समय पर पहुंचने की अपील
जिला योग संयोजक डॉ. रिंकेश कुमार यादवेंद्र ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से प्रातः 6:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस जनआंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि प्रातः 6:45 बजे से 7:00 बजे तक माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन एवं उद्घोषणा का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिसके उपरांत सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन होगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लेकर “योग युक्त, निरोग भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाएं।


