पंजाब में 6 साल बाद भाजपा-अकाली गठबंधन : शाह बोले- मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा

ram

लुधियाना। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल 6 साल बाद फिर साथ आए हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का ऐलान किया। अमित शाह ने कहा- पंजाब में दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। सीट शेयरिंग पर फैसला अभी नहीं हुआ है। दोनों पार्टियां मिलकर 1997, 2007 और 2012 यानी 3 बार पंजाब में सरकार बना चुकी हैं। कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में 24 साल बाद दोनों का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 सीटों में से अकाली दल 3 और भाजपा महज 2 सीटें ही जीत सकी थी।

सुखबीर बोले- भाजपा से हमारा रिश्ता नाखून-मांस जैसा
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यह इमोशनल गठबंधन है। मेरे पिता कहते थे कि यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा। पंजाब में शांति रही। यह रिश्ता मेरे पिताजी और अटल अडवाणी जी ने बनाया था। यह एक पारिवारिक रिश्ता है। पंजाब को बचाने की जरूरत है। अकाली दल हिंदुस्तान की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है। देश की आजादी और आजादी के बाद भी हमने अहम योगदान निभाया।

अकाली दल के 3 मुद्दों पर शाह के जवाब
1. किसानों का मुद्दा अकाली दल का पक्ष: सुखबीर बादल ने किसानों की समस्याओं और कृषि कानूनों को लेकर उनकी मांगों पर समाधान निकालने की बात रखी। शाह का जवाब: किसानों के मुद्दे पर सुखबीर बादल के साथ तीन महीने तक विस्तार से चर्चा हुई है। किसानों की एक-एक समस्या को समझा गया। तीन महीने के भीतर इन समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया गया है। 2. बंदी सिखों की रिहाई का मुद्दा अकाली दल का पक्ष: सुखबीर बादल ने बंदी सिखों की रिहाई की मांग रखी। अकाली दल ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से सकारात्मक कदम उठाने की अपील की। शाह का जवाब: बंदी सिखों की रिहाई को लेकर दोनों पार्टियों का अपना-अपना स्टैंड है। इस मुद्दे पर दोनों पार्टियां बैठकर विस्तार से चर्चा करेंगी और कोई रास्ता निकालने का प्रयास करेंगी। 3. करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग अकाली दल का पक्ष: सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावन को देखते हुए करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग उठाई गई। शाह का जवाब: करतारपुर कॉरिडोर प्रधानमंत्री मोदी ने बनवाया है। सरकार इसे खोलना चाहती है। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे बंद किया गया है। जैसे ही परिस्थितियां सामान्य होंगी, कॉरिडोर खोल दिया जाएगा।

8 दिसंबर को मोगा में रैली, पीएम मोदी पहुंचेंगे
सुखबीर बादल ने कहा- मेरे पिताजी प्रकाश सिंह बादल ने सभी धर्मों को प्यार दिया और भाईचारा बनाकर रखा। पंजाब का विकास किया। उनकी जयंती 8 दिसंबर को है। उस दिन मोगा में हम रैली करेंगे। इस रैली में पीएम मोदी भी शामिल होंगे। नितिन नवीन बोले- अकाली दल के आने से एनडीए की ताकत बढ़ेगी भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब और देश के हित में बड़ा फैसला हुआ है। एनडीए में अकाली दल में आने से हमारी ताकत बढ़ेगी। यह एक स्वाभाविक गठबंधन है। जनता के बीच में भी और नेताओं के बीच में। यह गठबंधन पंजाब के विकास के लिए आगे बढ़ेगा। यह गठबंधन हिंदू-सिख एकता का प्रतीक है।

शाह बोले- स्थिति सामान्य होने पर करतारपुर कॉरिडोर खोल देंगे
अमित शाह ने कहा- करतारपुर साहिब कोरिडोर की डिमांड आजादी के वक्त थी। तब हम होते तो करतारपुर साहिब भारत में होता। कांग्रेस की लापरवाही के कारण हमारे पास नहीं है। हमने ही कॉरिडोर बनाया तो ऑपरेशन सिंदूर के वक्त इसे बंद किया गया। जब स्थिति सामान्य हो जाएगी इसे खोल दिया जाएगा। हमने बनाया तो हम भी चाहते हैं खुले। राष्ट्रीय सुरक्षा के कारण बंद किया गया है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *