शाहरुख की सिफारिश से बचा अली जफर का रोल…

ram

मुंबई। पाकिस्तानी एक्टर और सिंगर अली जफर ने हाल ही में बताया कि फिल्म डियर जिंदगी में उनके किरदार को दूसरे एक्टर के साथ रीशूट किया गया था। साल 2016 में आई बॉलीवुड फिल्म डियर जिंदगी में उन्होंने रूमी नाम के म्यूजिशियन का किरदार निभाया था। अली के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ने के बाद उनके किरदार वाले हिस्से को दूसरे एक्टर के साथ दोबारा शूट किया गया था। हालांकि, डायरेक्टर गौरी शिंदे ने कहा कि वह इस किरदार में अली जफर को ही रखना चाहती थीं। अली ने यह भी बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि शाहरुख खान ने भी उनका रोल फिल्म में बरकरार रखने के लिए खास तौर पर अनुरोध किया था। उस समय माहिरा खान भी शाहरुख की आने वाली फिल्म ‘रईस’ का हिस्सा थीं। आखिरकार, फिल्म में रूमी का किरदार अली जफर ने ही निभाया। अली ने बातचीत में उरी और पुलवामा हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक हालात बदलने के बाद बॉलीवुड में उनका काम खत्म हो गया। इसके बाद उनकी कोई हिंदी फिल्म रिलीज नहीं हुई। ‘डियर जिंदगी’ उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म रही।

2019 को पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 40 जवान शहीद हुए थे। हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने को लेकर विरोध तेज हुआ। 18 फरवरी 2019 को ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। वहीं, 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और ज्यादा बढ़ गया। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों और पॉडकास्ट पर रोक लगा दी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने IT रूल्स 2021 के तहत OTT और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स से पाकिस्तानी कंटेंट हटाने का आदेश दिया। इसके अलावा कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी भारत में अस्थायी रूप से ब्लॉक किए गए। इनमें माहिरा खान और हानिया आमिर जैसे कलाकार शामिल थे।

पहले भी मुश्किलों में घिरी थी अली की पहली बॉलीवुड फिल्म
अली जफर का बॉलीवुड करियर साल 2010 में फिल्म ‘तेरे बिन लादेन’ से शुरू हुआ था। फिल्म में उन्होंने एक पाकिस्तानी पत्रकार का किरदार निभाया था, जो अमेरिका जाने के लिए ओसामा बिन लादेन का फर्जी वीडियो बनाने की कोशिश करता है। फिल्म का विषय संवेदनशील था। बता दें कि फिल्म की शूटिंग के आखिरी दिनों में 26/11 मुंबई आतंकी हमला हुआ था। अली ने इंटरव्यू में बताया कि उस समय शूटिंग के सिर्फ दो-तीन दिन बाकी थे। उन्हें वापस पाकिस्तान लौटने की सलाह दी गई, लेकिन उन्होंने शूटिंग पूरी करने का फैसला किया। बाद में फिल्म 2010 में रिलीज हुई और उन्हें पहचान मिली। इसके बाद अली ने ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’, ‘लंदन, पेरिस, न्यूयॉर्क’, ‘चश्मेबद्दूर’, ‘टोटल सियापा’ और ‘किल दिल’ जैसी भारतीय फिल्मों में काम किया। ‘डियर जिंदगी’ उनकी आखिरी हिंदी फिल्म बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *