जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने सोमवार को राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन-181 के कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो एवं ऑडियो कॉल के माध्यम से परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सवाई माधोपुर निवासी नरेश ने वीडियो कॉल के माध्यम से मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (एमएए) में जनाधार एवं अन्य दस्तावेजों से संबंधित समस्या बताई। प्रमुख शासन सचिव ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रकरण का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जयपुर निवासी यश ने सांगानेरी महिला चिकित्सालय में स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत की। इस पर उन्होंने प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार धनराज एवं ताराचंद ने आशा सहयोगिनी से संबंधित शिकायतें तथा गंगापुर सिटी निवासी सूरज ने राजकीय अस्पताल में चिकित्सकों के समय पर उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। श्रीमती राठौड़ ने सभी प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। चिकित्सा संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्थान संपर्क द्वारा शुरू की गई संपर्क एआई पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे दर्ज परिवेदनाओं का विषयवार एवं प्रभावी विश्लेषण किया जा सकेगा। विभाग को परिवेदनाओं से संबंधित डाटा और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध होने से समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव ने किया राजस्थान संपर्क कॉल सेंटर का निरीक्षण संपर्क एआई से जन शिकायतों का विश्लेषण और समाधान होगा आसान — प्रमुख शासन सचिव ,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
ram


