नगरीय निकाय चुनाव 2026 : ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन संपन्न

ram

झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम के द्वितीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्थापित किए जाने वाले मतदान बूथों के लिए ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया तथा ईवीएम का बूथवार आवंटन सुनिश्चित किया गया।

जिले की 8 नगरीय निकायों में कुल 249 मतदान बूथ हैं, जिनमें 245 सामान्य एवं 4 सहायक मतदान बूथ शामिल हैं। प्रथम रैंडमाइजेशन में रिजर्व सहित कुल 300 ईवीएम आवंटित की गई थीं। द्वितीय रैंडमाइजेशन के उपरांत 247 ईवीएम मतदान बूथों के लिए आवंटित की गई हैं, जबकि 53 ईवीएम रिजर्व रखी गई हैं। इनमें डग के 20 मतदान बूथों के लिए 20 ईवीएम तथा 4 रिजर्व, झालरापाटन के 36 मतदान बूथों के लिए 36 ईवीएम तथा 8 रिजर्व, भवानीमंडी के 40 मतदान बूथों के लिए 40 ईवीएम तथा 8 रिजर्व, झालावाड़ के 53 मतदान बूथों के लिए 51 ईवीएम तथा 13 रिजर्व, खानपुर के 25 मतदान बूथों के लिए 25 ईवीएम तथा 5 रिजर्व, मनोहरथाना के 20 मतदान बूथों के लिए 20 ईवीएम तथा 4 रिजर्व, अकलेरा के 35 मतदान बूथों के लिए 35 ईवीएम तथा 7 रिजर्व एवं पिड़ावा के 20 मतदान बूथों के लिए 20 ईवीएम तथा 4 रिजर्व का आवंटन किया गया। ग़ौरतलब है कि नगर परिषद झालावाड़ के वार्ड 2 व 5 निर्विरोध घोषित हो चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्ण की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ईवीएम के आवंटन, सुरक्षित भंडारण एवं मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटिक, उपखण्ड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन संबंधी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *