श्रीगंगानगर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में गत बैठक के निर्णयों एवं निर्देशों की समीक्षा करते हुए जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत पौधारोपण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने नगर परिषद अधिकारियों को रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के बाहर बने चबूतरों एवं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित करते हुए रेड मार्किंग कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी यातायात व्यवस्था में परेशानी हो, वहां संबंधित स्थानों को चिन्हित कर दुकान मालिकों को नोटिस जारी किए जाएं। जिला कलक्टर ने नगर परिषद द्वारा निर्धारित पार्किंग एवं संबंधित भूखंडों के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने जिन भूखंडों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन पर सात दिवस में आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में राजमार्गों, मुख्य सड़कों एवं शहरी क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्टेट हाईवे एवं नेशनल हाईवे पर अब तक पकड़े गए बेसहारा पशुओं तथा की गई कार्रवाई की विस्तृत सूचना एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने नगर निकाय क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या का सर्वे कर आगामी 15 दिवस में उन्हें पकड़ने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पालतू कुत्तों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई एक सप्ताह में पूर्ण करने के लिए कहा।बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेन रोड़ सड़कों पर जहां कहीं भी गड्ढे हैं, उन्हें शीघ्र ठीक कराया जाए। साथ ही सड़क किनारे झुके हुए पेड़ों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शर्मा, श्री अनिल कुमार अग्रवाल, डॉ. अजय सिगला, श्री देव आनंद, राजेश, श्री सुरेंद्र पुनिया, श्री मंगत सेतिया सहित नेशनल हाईवे के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित: सड़क सुरक्षा को लेकर जिला कलक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश
ram


