धौलपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार संपन्न कराने हेतु नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण जिला परिषद सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी धौलपुर हरिराम मीणा के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान पूर्व से उनके उत्तरदायित्व में भयग्रस्त परिवारों और क्षेत्र की पहचान करने एवं सुधारात्मक कार्यवाही करने, भय के स्रोत चिन्हित कर थानाधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों को सूचित कर प्रस्तावित कार्यवाही के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मतदान केंद्र एवं चुनाव प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए एडीएम हरिराम मीणा ने मतदान केंद्र तक मतदाताओं की पहुंच की सुगमता, पानी, छाया, रैंप, टॉयलेट जैसी सुविधाओं की जानकारी करने के साथ, आदर्श आचार संहिता के पालन हेतु प्रत्याशियों के वाहन, पैम्फलेट एवं अन्य आचरण की निगरानी के बारे में बताया। प्रशिक्षण में चुनाव दिवस से एक दिन पूर्व मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने, चुनाव सामग्री की उपलब्धता, ईवीएम संचालन, चुनाव प्रक्रिया का लघु प्रशिक्षण आयोजित करने, मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में चुनाव कार्यालय, चुनाव सामग्री प्रदर्शित नहीं होने, आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित करने के बारे में बताया गया। चुनाव दिवस पर मॉक पोल से लेकर चुनाव समाप्ति और संग्रहण केन्द्र पर चुनाव सामग्री जमा कराने की पूरी प्रक्रिया को प्रशिक्षण में प्रशिक्षक अतुल चौहान, देवेंद्र बघेल,राजू द्वारा विस्तार पूर्वक बताया गया। चुनाव शाखा के नरेश परमार द्वारा चुनाव कार्यक्रम में प्रशिक्षण, प्रपत्रों एवं रिटर्निंग अधिकारियों से बैठक कर सूचनाओं के आदान-प्रदान के बारे में बताया गया।इस अवसर पर 75 जोनल मजिस्ट्रेट द्वारा प्रशिक्षण में भाग लिया गया।

निष्पक्ष, स्वतंत्र और निर्भीक मतदान के लिए आदर्श आचार संहिता का कराएं पालन- एडीएम
ram


