बारां। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) बालमुकुंद असावा एवं सीईओ व नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में नगर निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य से जिले की समस्त शिक्षण संस्थाओं में स्वीप रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने भाइयों की कलाई पर वोट राखी बांधकर उन्हें आगामी नगर निकाय चुनाव में मतदान करने का संकल्प दिलाया।
स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने बताया कि जिलेभर में रक्षाबंधन पर्व को मतदाता जागरूकता से जोड़ते हुए वोट राखी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसी क्रम में शहर के झालावाड़ रोड स्थित ओएस टीचर ट्रेनिंग सेंटर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर मुख्य अतिथि रहे तथा सहायक निदेशक बीमा विभाग सुनील कुमार तंवर ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम में ईएलसी की छात्रा सदस्यों ने अतिथियों एवं सहपाठी भाइयों की कलाई पर शुभंकर ‘मतू’ वाली वोट राखी बांधी तथा आगामी नगर निकाय चुनाव में मतदान करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर सीईओ राजीव तोमर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का भी अवसर है। वोट राखी के माध्यम से हम लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प ले रहे हैं। प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाए। उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक-एक मत लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है और शत-प्रतिशत मतदान से ही मजबूत एवं सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है।
सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने युवाओं को ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में पंजीयन, ईपिक में संशोधन, मतदान केंद्र की जानकारी सहित निर्वाचन संबंधी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी तथा पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया।
इस दौरान ईएलसी सदस्यों ने मतदाता जागरूकता गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं शहर के वार्ड नंबर 10 में स्वीप टीम एवं ट्रेनर शिवानी एवं किरण के सानिध्य में प्रशिक्षणार्थी बालिकाओं ने व्यवसायियों एवं आमजन को मतदाता जागरूकता राखियां बांधकर नगर निकाय चुनाव में मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में स्वीप टीम सदस्य रामचरण मीणा, संस्था सचिव संदीप जैन, अनिल कुमार, प्रधानाचार्य आरबीएम आईटीआई श्याम मनोहर नागर सहित स्टाफ सदस्य अजीत कुमार, सुनील कुमार, मोहित कुमार, हरजीत, बौद्धिक असक्षम विद्यालय के विद्यार्थी, युवा मतदाता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



