नगरीय निकाय चुनाव : आज से नामांकन शुरू, 31 अगस्त तक मौका

ram

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिले में चुनावी प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के सदस्य पदों के लिए अभ्यर्थी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी म्युनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक रहेगी। निर्वाचन चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।

चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं के सदस्यों के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। दूसरे चरण में नगर निगम के सदस्यों के लिए 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। मतगणना 14 सितंबर को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में होगी।

जयपुर जिले के नगर निगम सहित कुल 19 नगरीय निकायों में इस चुनाव में 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 14 लाख 63 हजार 1 पुरुष, 13 लाख 61 हजार 949 महिला और 96 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे अधिक 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं। इनमें 12 लाख 61 हजार 380 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 649 महिला और 92 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। वहीं चौमूं नगर परिषद में 53,182 और शाहपुरा नगर परिषद में 64,106 मतदाता दर्ज हैं।

नगरपालिकाओं में बगरू में 23,254, बस्सी में 20,785, चाकसू में 30,250, दूदू में 15,316, जमवारामगढ़ में 19,975, जोबनेर में 9,036, कालाडेरा में 10,674, कानोता में 9,322, खेजरोली में 15,152, किशनगढ़ रेनवाल में 23,905, मनोहरपुर में 20,065, नारायणा में 13,142, फागी में 11,757, फुलेरा में 19,093, सांभर में 17,733 तथा वाटिका में 15,178 मतदाता हैं।

नगरीय निकाय चुनाव में ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। मतदान के दौरान मतदाता को अपना ईपीआईसी (मतदाता पहचान पत्र) प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी उपलब्ध नहीं है, वे निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक मूल दस्तावेज के जरिए मतदान कर सकेंगे।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव का राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। संभावित प्रत्याशी और राजनीतिक दल अब नामांकन की तैयारियों में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *