राजस्थान प्रशासनिक फेरबदल : राज्य पुलिस सेवा के 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले

ram

जयपुर। राजस्थान में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राज्य सरकार के गृह (ग्रुप-1) विभाग ने देर रात एक आदेश जारी कर राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) स्तर के 49 अधिकारियों के तत्काल प्रभाव से तबादले और नवीन पदस्थापन कर दिए हैं। संयुक्त शासन सचिव (पुलिस) मनीष गोयल द्वारा हस्ताक्षरित इस सूची में जयपुर और जोधपुर पुलिस आयुक्तालय (कमिश्नरेट) सहित एसओजी (SOG), एटीएस (ATS), एसीबी (ACB) और कई जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पूरी सूची देखने के लिए khaskhabar.com पर क्लिक कीजिए सूची के अनुसार, जहां कई लंबे समय से प्रतीक्षित या लीव रिजर्व में चल रहे अधिकारियों को मैदानी कमान सौंपी गई है, वहीं कुछ अधिकारियों के पूर्व में हुए तबादला आदेशों को निरस्त भी किया गया है।
प्रमुख अधिकारियों के नवीन पदस्थापन इस प्रकार हैं

जयपुर-जोधपुर आयुक्तालय में बदलाव
प्रवीण कुमार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) जोधपुर कमिश्नरेट के पद पर लगाया गया है।
जोधपुर में तैनात वीरेन्द्र सिंह राठौड़ को अब पोकरण (जैसलमेर) का नया एएसपी बनाया गया है।
आलोक कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) जयपुर आयुक्तालय की जिम्मेदारी दी गई है।

एसओजी (SOG) में फेरबदल
विशेष अभियान समूह (SOG) जयपुर में तैनात राकेश कुमार राजौरा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SOG) जयपुर के पद पर नवीन तैनाती दी गई है।
एसओजी से विजय सिंह को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जयपुर भेजा गया है।
अतुल अग्रे को राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) जयपुर और मोहेश चौधरी को लीव रिजर्व (सिविल राइट्स) पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
दूसरी तरफ, राजेश कुमार और सुभाष गोदारा को एसओजी जयपुर में एएसपी नियुक्त किया गया है।

जिलों में नए एडिशनल एसपी
सौरभ तिवारी को बीकानेर रेंज से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां लगाया गया है।
मुकुल शर्मा को चित्तौड़गढ़ से एएसपी उदयपुर ग्रामीण बनाया गया है।
गजेंद्र सिंह जोधा को प्रतापगढ़ से स्थानांतरित कर चित्तौड़गढ़ का नया एएसपी लगाया गया है।
डॉक्टर प्रेणा शेखावत को एसीबी से हटाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैर (भरतपुर) की कमान सौंपी गई है।

दो अधिकारियों के तबादला आदेश निरस्त
आदेश के अंत में गृह विभाग ने गत 7 मई 2026 को जारी सूची के दो अधिकारियों के तबादलों को निरस्त करने की भी घोषणा की है। इसके तहत:
चांदमल (डिप्टी कमांडेंट, चतुर्थ बटालियन आरएसी, जयपुर) का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विभागीय जांच प्रकोष्ठ, पुलिस मुख्यालय) के पद पर हुआ तबादला निरस्त किया गया है।
राजेश कुमार गुप्ता (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, पश्चिम, जयपुर आयुक्तालय) का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व, जयपुर आयुक्तालय) के पद पर किया गया पदस्थापन तुरंत प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
गृह विभाग ने इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव, महानिदेशक पुलिस (DGP) राजस्थान, और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के महानिदेशक सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश के साथ भिजवा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *