जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान पशुपालन एवं कृषि विभाग की योजनाओं से लाभान्वित होकर ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना से पशुपालकों को मिला सुरक्षा कवच
पंचायत समिति बिलाड़ा की ग्राम पंचायत झाक में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थी उगमा पुत्र बाबूलाल एवं मांगी देवी पत्नी रतनाराम को पशु बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। योजना के तहत बीमित पशुधन की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में प्रति पशु 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। लाभार्थियों ने योजना का लाभ मिलने पर राज्य सरकार एवं पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त किया।
कृषि यंत्र अनुदान योजना से बढ़ी आजीविका के अवसर
पंचायत समिति केरू की ग्राम पंचायत जोलियाली में आयोजित शिविर के दौरान भूमिहीन कृषक मुन्नी देवी को कृषि यंत्र अनुदान योजना से लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग के मार्गदर्शन में कृषि यंत्र क्रय एवं भौतिक सत्यापन के उपरांत उन्हें 100 प्रतिशत अनुदान के रूप में 5 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई। लाभार्थी ने बताया कि कृषि यंत्र उपलब्ध होने से कृषि कार्य सुगम हुआ है तथा आय में वृद्धि के साथ अन्य किसानों को भी कृषि सेवाएं उपलब्ध कराकर अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया।


