कृषकों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचे, विभाग समन्वय से करें प्रभावी क्रियान्वयन – जिला कलक्टर

ram

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर एवं जिला मिशन निदेशक की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला परिषद स्थित ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सभागार में जिला उद्यान विकास समिति (DHDS), जिला मिशन कमेटी (DMC) एवं आत्मा (ATMA) गवर्निंग बोर्ड की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक अनुमोदन प्रदान किए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कृषक तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, नियमित अनुश्रवण तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक किसान योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने जिले में बांस मिशन (Bamboo Mission) के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए बांस के पौधरोपण, मूल्य संवर्धन एवं उससे जुड़े उद्यमों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की जलवायु एवं संभावनाओं को देखते हुए एवोकाडो की खेती को प्रोत्साहित करने, इच्छुक किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा नवीन उद्यानिकी फसलों के प्रति किसानों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। बैठक में उद्यान विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय बागवानी मिशन (NHM), प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PDMC–MI), राज्य योजना एवं राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के अंतर्गत कुल ₹1567.25 लाख के आवंटन के विरुद्ध ₹1460.77 लाख व्यय कर 93.21 प्रतिशत वित्तीय प्रगति अर्जित की गई। वर्ष 2026-27 के लिए राष्ट्रीय बागवानी मिशन की वार्षिक कार्ययोजना भी बैठक में प्रस्तुत की गई, जिसके अंतर्गत नवीन फलोद्यान स्थापना, स्ट्रॉबेरी एवं पुष्प उत्पादन, मेथी उत्पादन, पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस, प्लास्टिक टनल, वर्मी कम्पोस्ट इकाइयों की स्थापना, कम लागत भंडारण संरचना तथा सोलर क्रॉप ड्रायर जैसी आधुनिक उद्यानिकी गतिविधियों के लिए ₹190.42 लाख की कार्ययोजना प्रस्तावित एवं अनुमोदित की गई। बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय दलहन एवं तिलहन मिशन तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आत्मा (ATMA) गवर्निंग बोर्ड द्वारा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श कर विभिन्न प्रशिक्षण, कृषक भ्रमण एवं क्षमता संवर्धन गतिविधियों को स्वीकृति प्रदान की गई। ला कलक्टर ने कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कृषकों को योजनाओं का समग्र लाभ उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्विति सुनिश्चित करें, जिससे जिले में कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र का समग्र विकास हो तथा किसानों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित हो सके। ठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. शंकरलाल जाट, लीड बैंक प्रबंधक प्रवेश टॉक, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक महेंद्र सिंह डूडी सहित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *