राष्ट्रपति प्रबोवो के गर्मजोशी भरे स्वागत से अभिभूत : पीएम मोदी

ram

जकार्ता । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर जर्काता पहुंचे। यहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत के पीएम का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने भी राष्ट्रपति के इस भाव के लिए आभार जताया। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के एयरपोर्ट पर किए गए व्यक्तिगत और गर्मजोशी भरे स्वागत से मैं बेहद अभिभूत हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने सुदृढ़ और प्रगाढ़ होते संबंधों को लाभप्रद बताया। उन्होंने कहा, ” 2018 में भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था, जिससे दोनों देशों के लोगों को कई लाभ मिले हैं। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने पर विस्तृत चर्चा होगी।” पीएम ने बताया कि वह राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ योग्याकार्ता स्थित प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाएगी। पोस्ट में पीएम ने कहा, “इंडोनेशिया प्रवास के दौरान मैं यहां रह रहे भारतीय समुदाय से मिलने को लेकर भी उत्साहित हूं।” सोमवार को हवाई अड्डे पर उतरने से पहले इंडोनेशिया ने खास अंदाज में भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उनके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के साथ ही इंडोनेशियाई एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। जैसे ही जकार्ता की धरती पर कदम रखा, वैसे ही राष्ट्रपति सुबियांतो ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री इंडो पैसिफिक मिशन के तहत 6 दिवसीय विदेश दौरे पर हैं। वो इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी का इंडोनेशिया दौरा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *