मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत डीग जिले के 592 नवनियुक्त युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

ram

डीग। राज्य सरकार की मंशानुरूप युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने और उन्हें संबल प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डीग के सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले के 592 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, प्रभारी सचिव डीग एवं संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठोतिया तथा जिला कलेक्टर मयंक मनीष द्वारा समारोहपूर्वक नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों और नवनियुक्त कार्मिकों ने बालोतरा के पचपदरा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य समारोह और रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा लाइव टेलीकास्ट देखा व सुना। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सेवा में आ रहे युवाओं का चयन पूरी तरह से उनकी मेहनत के बल पर हुआ है। पिछली सरकारों में पेपर लीक से नौजवान और उनके माता-पिता परेशान थे, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने इस कुप्रथा को समाप्त कर यह सुनिश्चित किया है कि जो मेहनत करेगा, वही नौकरी पाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश भर में एक साथ 53977 युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं, जो युवाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को जीवन में इस मुकाम तक पहुँचाने के लिए अपने माता-पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लेने की बात कही।

उन्होंने प्रदेश के आर्थिक और बुनियादी विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि भजनलाल सरकार विकसित राजस्थान के निर्माण में जुटी है, जिससे राज्य की तस्वीर बदली है। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ साबित होगी, जिससे राज्य को अभूतपूर्व आर्थिक लाभ होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन रिफाइनरी का कार्य अटका रहा; इसे वास्तविक संजीवनी देने का कार्य देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत विकास, बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

किसानों और आमजन के हित में चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली किसान सम्मान निधि की 6000 रुपये की राशि में राज्य सरकार ने 3000 रुपये की अतिरिक्त वृद्धि की है, जिससे अब राजस्थान के किसानों को 9000 रुपये वार्षिक मिल रहे हैं। आगामी 5 वर्षों में इस राशि को बढ़ाकर 12,000 रुपये तक ले जाया जाएगा। किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं के स्वावलंबन के लिए लखपति दीदी योजना के तहत लाखों रुपये का ऋण बेहद सस्ती दरों पर मिल रहा है, वहीं पीएम स्वनिधि योजना के तहत बिना गारंटी लोन दिया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत देश में कहीं भी 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और राज्य सरकार द्वारा इसे बढ़ाकर 25 लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में डीग जिले में सड़कें, नहरें, अस्पताल, स्कूल, थाने और कॉलेज निर्माण के लिए 10,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में जनता तक पानी पहुँचाने के नाम पर जो भ्रष्टाचार हुआ और पैसे खाए गए, ऐसे दोषियों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जेल के पीछे भेजने का काम किया है।

विशिष्ट अतिथि डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश के साथ ही आपके कंधों पर समाज, राष्ट्र और अपने परिवार के कल्याण की एक बड़ी जिम्मेदारी आई है, जिसका निर्वहन पूरी निष्ठा और सफलता के साथ करें। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी और संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना को पूरे देश का सबसे बड़ा और युगांतरकारी प्रोजेक्ट बताया, जिससे पूरे क्षेत्र में रोजगार और खुशहाली का नया सवेरा आएगा। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से शेखावाटी सहित पानी की कमी वाले क्षेत्रों की दशकों पुरानी मांग पूरी हो रही है। स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी देते हुए डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि डीग जिला चिकित्सालय तथा डीग बाईपास निर्माण के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। पूँछरी का लौठा में क्षेत्र विकास के लिए 700 से 800 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कार्य चल रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही उन्होंने गुड़गांव फीडर, होम्स फीडर और भरतपुर फीडर के लिए 375 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया, जिससे जिले के 85% गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलना सुनिश्चित होगा। इस दौरान मंच संचालन वरिष्ठ सहायक उमेश चंद प्रजापति द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *