जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता हमारी साझी जिम्मेदारी- पटेल

ram

जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत बड़ली स्थित बड़ली भेरूजी तालाब पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत श्रमदान कर आमजन से जल संरचनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन,जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष कुमार मिश्रा और प्रशिक्षु आईएएस श्री उमेश कुमार मंचासीन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री पटेल ने कहा कि गंगा दशमी के शुभ अवसर पर यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश भर में इस अभियान का शुभारम्भ किया, जो विश्व पर्यावरण दिवस तक चलेगा। उन्होंने कहा कि परंपरागत जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता हमारी साझा जिम्मेदारी है।
हरियालो राजस्थान में लगाये जायेंगे 10 करोड़ पौधे
श्री पटेल ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान में इस वर्ष भी राज्य सरकार ने 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान और वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान प्रदेश में जनभागीदारी आधारित पर्यावरण एवं जल संरक्षण को नई दिशा प्रदान करेंगे।
मारवाड़ में रही है सामूहिक श्रमदान की परंपरा
श्री पटेल ने कहा कि श्रमदान देश के प्रति समर्पण और सामुदायिक विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि श्रमदान से न केवल स्वच्छता और स्वास्थ्य सुधरता है बल्कि इससे श्रम के प्रति सम्मान की भावना भी पैदा होती है। उन्होंने कहा कि मारवाड़ में एकादशी पर सामूहिक श्रमदान की परंपरा रही है। यहां लोग बरसात से पूर्व तालाबों की साफ़-सफ़ाई करते थे। हमें मिलकर हमारी संस्कृति को पुनर्जीवित करना है।
बड़ली तालाब को मॉडल तालाब के रूप में विकसित किया जाएगा
संसदीय कार्य मंत्री ने बड़ली भेरूजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए कामना की। उन्होंने पक्षियों के लिए परिंडे बांधे और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। श्री पटेल ने कहा कि बड़ली तालाब को मॉडल तालाब के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, विशाल घाट का भी निर्माण करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *