सरसों वाली बेसन की सब्जी का स्वाद नॉनवेज को भी कर देगा फेल, बस नोट कर लें बनाने का आसान तरीका

ram

नई दिल्ली। उत्तर भारत, खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश में सरसों वाली बेसन की सब्जी बेहद लोकप्रिय है। इसकी ग्रेवी का स्वाद और बनावट काफी हद तक पारंपरिक फिश करी की तरी जैसी होती है। इसलिए अगर घर में कोई हरी सब्जी नहीं है या कुछ हटके खाने का मन करे, तो बेसन की सब्जी बेहतरीन ऑप्शन है। आइए जानें सरसों के मसाले वाली बेसन की सब्जी बनाने की रेसिपी।

सामग्री
बेसन के चीले (कतली) के लिए-
बेसन- 1.5 कप
हल्दी पाउडर- 1/4 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
पानी- घोल बनाने के लिए
तेल- चीला सेकने के लिए
मसाले के पेस्ट के लिए-
पीली या काली सरसों- 3 बड़े चम्मच
लहसुन की कलियां- 10-12
खड़ी काली मिर्च- 8-10 दाने
जीरा- 1 छोटा चम्मच

ग्रेवी के लिए-
प्याज- 1 मध्यम (बारीक कटा हुआ)
टमाटर- 2 मध्यम (कटे हुए)
हल्दी पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
मेथी दाना- 1/2 छोटा चम्मच (तड़के के लिए)
सरसों का तेल- 3-4 बड़े चम्मच
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ

बनाने की विधि
सबसे पहले एक बर्तन में बेसन छान लें। इसमें थोड़ा नमक, हल्दी और लाल मिर्च डालें। अब धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए एक पतला घोल तैयार करें। घोल इतना पतला हो कि तवे पर आसानी से फैल सके।
अब एक नॉन-स्टिक तवे पर हल्का तेल लगाएं और एक बड़ा चम्मच घोल डालकर फैला दें। जब यह एक तरफ से हल्का सिक जाए, तो इसे रोल कर दें। अब इस रोल को तवे से उतारकर छोटे टुकड़ों में काट लें। इसी तरह पूरे घोल से कतली तैयार कर लें।
इसके बाद सरसों, लहसुन, जीरा और काली मिर्च को थोड़े से पानी के साथ मिलाकर मिक्सी में एकदम बारीक पीस लें। ध्यान रहे कि सरसों का मसाला जितना बारीक होगा, ग्रेवी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी।
अब एक कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें। जब तेल से धुआं निकलने लगे, तो इसमें मेथी दाना डालें। मेथी चटकने के बाद बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें।
अब इसमें तैयार सरसों का पेस्ट डालें। साथ ही हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर भी डाल दें। मसाले को मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि मसाला तेल न छोड़ दे। अब इसमें कटे हुए टमाटर और नमक डालें और टमाटर के गलने तक पकाएं।
जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें जरूरत के अनुसार पानी डालें। इस सब्जी की ग्रेवी थोड़ी पतली रखी जाती है, क्योंकि बेसन बाद में पानी सोख लेता है। जब ग्रेवी में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तो तैयार बेसन की कतलियों को इसमें डाल दें। इसे ढककर 3-4 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
लास्ट में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें। आपकी गरमा-गरम सरसों वाली बेसन की सब्जी तैयार है। इसे चावल के साथ खाना सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, हालांकि यह रोटी के साथ भी उतनी ही स्वादिष्ट लगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *