महिला टी20 विश्व कप : पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी

ram

नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पाकिस्तान पर हावी रही है। टी20 इंटरनेशनल में भारत और पाकिस्तान की अब तक कुल 16 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 13 मुकाबलों में जीत भारतीय टीम के हाथ लगी है। सिर्फ 3 मुकाबलों में ही पाकिस्तान की टीम जीत दर्ज कर सकी है। भारतीय टीम रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम और पाकिस्तान की आखिरी भिड़ंत साल 2024 में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी, जहां भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी से धमाकेदार प्रदर्शन की आस होगी। दोनों को ही इंग्लैंड की परिस्थितियां काफी रास आती है। मंधाना ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली 10 पारियों में 239 रन बनाए हैं। वहीं, शेफाली ने 4 मुकाबलों में 121 रन बनाए हैं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की फॉर्म भारतीय टीम के लिहाज से इस मुकाबले और विश्व कप में काफी अहम होगी। जेमिमा रोड्रिग्स के ऊपर मध्यक्रम को संभालने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, फिनिशर के तौर पर भारतीय टीम ऋचा घोष से एक बार फिर धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
गेंदबाजी में रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ नई गेंद से पाकिस्तान की बल्लेबाजों की अग्निपरीक्षा लेंगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस महामुकाबले में भारतीय टीम युवा तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को मौका देती है या नहीं। वहीं, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी अपनी स्पिन गेंदबाजी से कमाल दिखा सकती हैं।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना इस समय बल्ले और गेंद दोनों से लगातार दमदार प्रदर्शन कर रही हैं। सना ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। गेंदबाजी में डायना बेग भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *