दुबई। महिला एशिया कप 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज, रविवार (13 सितंबर) को भारत और श्रीलंका के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही है। ग्रुप-ए में अपने सभी मैच जीतकर टीम इंडिया 6 अंकों के साथ शीर्ष पर रही। ग्रुप चरण में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में मात दी थी, जहां पाकिस्तानी टीम टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने न्यूनतम स्कोर (55 रन) पर ढेर हो गई थी। इसके बाद भारतीय टीम ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट पक्का किया। दूसरी तरफ, श्रीलंका ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई है। दुबई में शुक्रवार को खेले गए रोमांचक दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंकाई महिला टीम ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। दोनों ही टीमें बेहतरीन फॉर्म में हैं और दुबई के मैदान पर एशिया का सिरमौर बनने के लिए दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

महिला एशिया कप 2026 : खिताबी भिड़ंत में आज भारत और श्रीलंका होंगे आमने-सामने
ram


