जयपुर। राज्य सरकार के सहयोग से भिवाड़ी के कहरानी में कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) स्थापित किया जाएगा। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय अनुमोदन समिति द्वारा इसके लिए 75 करोड़ रुपये के अनुदान की स्वीकृति भी दे दी गई है।कहरानी ग्रीन ट्रीटर्स एसोसिएशन द्वारा 6 एमएलडी क्षमता का सीईटीपी स्थापित किया जाएगा। कहरानी, बांदापुर, पाथरेड़ी, चौपंकी औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित 400 से अधिक सदस्य इकाईयों को इसका लाभ मिलेगा। सदस्य इकाइयों द्वारा निष्कासित अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप उपचार हो सकेगा। इससे आसपास की औद्योगिक इकाइयों में जल प्रदूषण की समस्या का समाधान होगा। इससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा। उल्लेखनीय है कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा राज्य में औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीईटीपी स्थापना से जुड़ी एक नई योजना लागू की गई है। इस योजना में नया सीईटीपी स्थापित करने या स्थापित सीईटीपी को अपग्रेड करने के लिए राज्य सरकार द्वारा 75 करोड़ रुपये तक अनुदान दिया जाता है।
राज्य सरकार के सहयोग से भिवाड़ी के कहरानी में सीईटीपी की स्थापना होगी, 75 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत
ram


