जयपुर। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से थमे बारिश के दौर के बीच अब मौसम फिर करवट लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने 11 सितंबर से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को पांच जिलों में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 और 13 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश के अधिकांश शहरों में बुधवार को सुबह से देर शाम तक मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। दिन में धूप के कारण गर्मी का असर महसूस हुआ, जबकि सुबह और शाम हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहा। प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया।
मौसम साफ रहने और लगातार धूप निकलने से प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है। बुधवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
कई अन्य जिलों में भी दिन का तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो रहा है। इसके धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है, जबकि इसके असर से राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और अगले दो दिनों में इसका प्रभाव और अधिक क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। ऐसे में लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे इलाकों में एक बार फिर मौसम सुहाना होने की उम्मीद है।



