प्रदेशभर के पशु चिकित्सालय अब सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे

ram

जयपुर। प्रदेश के पशुपालकों के लिए प्रदेश के सभी राजकीय पशु चिकित्सालयों एवं पशु चिकित्सा संस्थानों का समय 1 अक्टूबर से प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। राजपत्रित अवकाश के दिनों में यह समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगा। 1 अक्टूबर से लागू हुआ यह समय 30 मार्च तक रहेगा। जिला मुख्यालय पर स्थित बहुद्देशीय पशु चिकित्सालय का समय प्रातः 8 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक तथा अपरान्ह 2 बजे से रात के 8 बजे तक दो पारियों में होगा।

नए समय के निर्धारण का उद्देश्य सर्दी के मौसम में प्रदेश के पशुपालकों को समयबद्ध, सुगम और प्रभावी पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। पशुपालन निदेशक डॉ सुरेश चंद मीना ने बताया कि निर्धारित समय के दौरान पशुओं के उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण सहित सभी आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

पशुपालकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया यह निर्णय प्रदेश में पशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करेगा। इससे पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए निर्धारित समय में पशु चिकित्सालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

पशुपालन विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को नए समय की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।

विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं के उपचार एवं अन्य पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निकटतम राजकीय पशु चिकित्सालय से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *