मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर संदेश

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती (2 अक्टूबर) पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनका जीवन और विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। गांधीजी ने स्वच्छता, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त एवं स्वावलंबी भारत का मार्ग प्रशस्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र आज भी देश के विकास और सुरक्षा की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने आचरण में आत्मसात करते हुए स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *